मोडिफाई साइलेंसर और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कानपुर देहात पुलिस का शिकंजा, 263 वाहनों के चालान

कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कानपुर देहात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में यातायात एवं थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नम्बर प्लेट तथा शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया।
जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने वाहनों की जांच की। इस दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके साइलेंसर, हॉर्न और नम्बर प्लेट की जांच की गई। साथ ही ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से चालकों की शराब सेवन संबंधी जांच भी की गई।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 263 वाहनों का चालान किया गया। इसके अलावा नियम तोड़ने वालों से 21.35 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूल करते हुए वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नम्बर प्लेट और नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
जनपद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन कर अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें