कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 317 वाहनों का चालान किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के तहत बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने, हेलमेट न पहनने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने समेत अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें तथा जिम्मेदारी से वाहन चलाएं।
पुलिस का कहना है कि जनपद में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।













