कानपुर देहात। सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नम्बर प्लेट तथा शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस महानिदेशक यातायात, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में क्षेत्राधिकारीगण एवं थाना पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा 6 जून 2026 की रात 8 बजे से 11 बजे तक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके साइलेंसर, हॉर्न और नम्बर प्लेट की जांच की गई, वहीं ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की शराब सेवन संबंधी जांच भी की गई।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 256 वाहनों का चालान किया गया। साथ ही उल्लंघनकर्ताओं से 22 लाख 5 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूलते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नम्बर प्लेट और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।
जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और अपनी व दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।













