कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन मुस्कान के तहत थाना गजनेर पुलिस ने एक भटके हुए 7 वर्षीय बच्चे को उसके परिजनों से मिलाकर परिवार की खुशियां लौटा दीं।
जानकारी के अनुसार, 6 जून 2026 को डायल-112 के माध्यम से रामजी पुत्र बांकेलाल निवासी अरसदपुर भटुइया, थाना शिवली ने सूचना दी कि गजनेर-रायपुर रोड स्थित निनायां मोड़ पर करीब 7 वर्ष का एक बच्चा अकेला खड़ा है। सूचना मिलते ही पीआरवी-8192 के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बच्चे को सुरक्षित थाना गजनेर ले आए।
बच्चे की पहचान और उसके परिजनों का पता लगाने के लिए पुलिस ने आसपास के थानों से संपर्क किया तथा सोशल मीडिया समूहों की मदद ली। प्रयासों के दौरान बच्चे की मां अर्चना पत्नी विष्णु अवस्थी निवासी ग्राम दुरौली, थाना रेऊना, कानपुर नगर (वर्तमान पता रनियां बाजार, कानपुर देहात) से संपर्क स्थापित हुआ।
इसके बाद बच्चे के परिजन थाना गजनेर पहुंचे, जहां आवश्यक पुष्टि के बाद 7 वर्षीय छोटू को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया। अपने पुत्र को सकुशल पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने गजनेर पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।













