केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित होने वाले जन-जागरूकता एवं जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा बैठक।

 

कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दिनांक 05 जून से 21 जून 2026 तक “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम पर आयोजित किए जाने वाले विभिन्न जन-जागरूकता एवं जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में पुनः समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि अभियान अवधि में आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों को जनभागीदारी आधारित एवं गरिमामय स्वरूप में संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा आमजन के हित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाए तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने हेतु विशेष अभियान संचालित किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विकास खंड, नगर निकाय पर जनसंवाद, जागरूकता गोष्ठियां, लाभार्थी संपर्क अभियान, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण कार्यक्रम, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम, किसान गोष्ठियां, युवा संवाद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। सभी कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया जाए। साथ ही विकसित भारत एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने हेतु विभिन्न विभाग अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित उपलब्धियों का प्रदर्शन एवं प्रचार-प्रसार करें।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि जन जागरूकता एवं जन संवाद कार्यक्रमों के आयोजन हेतु माननीय सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से समय प्राप्त कर कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाए। कार्यक्रमों में अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक कार्यक्रम का फोटो एवं वीडियो प्रलेखन कर समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि प्रत्येक विभाग अपने निर्धारित कार्यक्रमों की कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करे तथा अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों की दैनिक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराए। कार्यक्रमों के सफल आयोजन हेतु सभी विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित किया जाए ताकि अभियान का उद्देश्य अधिकतम लोगों तक पहुंच सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त नरेगा,परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला पंचायत राज अधिकारी, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें