कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा वामा सारथी की अध्यक्षा अर्चना सिरोही के नेतृत्व में रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स कानपुर देहात के सभागार में विशेष ‘वामा वेलनेस कैंप’ का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन आयुष विभाग के सहयोग से किया गया, जिसमें पुलिस परिवार के सदस्यों को निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय सिठमरा की डॉ. शीलू शुक्ला तथा मेडिकल कॉलेज/जिला चिकित्सालय अकबरपुर के डॉ. विनोद कुमार, डॉ. साकिब, डॉ. अभिषेक एवं डॉ. रजत ने स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। चिकित्सकों ने लोगों को सामान्य एवं जलजनित बीमारियों से बचाव, स्वच्छता और पोषण के महत्व के प्रति जागरूक किया तथा आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन्स सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों, अधिकारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके परिजनों ने शिविर में भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी पुलिस परिवार के कल्याण हेतु ऐसे स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।













