कालपी (जालौन) कालपी की बेटी तथा फर्रूखाबाद की प्रख्यात समाजसेवी,वरिष्ठ भाजपा नेत्री और जनसेवा के लिए समर्पित व्यक्तित्व डॉक्टर रजनी सरीन का रविवार को निधन हो गया। वह 74 वर्ष की थीं और लंबे समय से गंभीर रूप से अस्वस्थ चल रही थीं। उन्होंने लोहाई रोड स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर फैलते ही कालपी समेत फर्रूखाबाद में शोक की लहर दौड़ गई।
कालपी नगर के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मोती चन्द्र वर्मा की पुत्री डाक्टर रजनी सरीज की शादी फर्रूखाबाद में हुई थी तथा डॉक्टर रजनी सरीन भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेताओं में गिनी जाती थीं और पार्टी की राष्ट्रीय कार्य समिति की सदस्य भी रहीं। उन्होंने फर्रुखाबाद नगर पालिका परिषद का चुनाव भी लड़ा था। राजनीति से जुड़े रहने के बावजूद उनकी पहचान एक संवेदनशील समाजसेवी के रूप में अधिक रही। जनसेवा, गरीबों की सहायता, महिलाओं और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए उनके द्वारा किए गए कार्यों ने उन्हें जिले में एक विशिष्ट पहचान दिलाई।फर्रुखाबाद में उन्हें प्रेम और सम्मान से “मदर टेरेसा” के नाम से भी जाना जाता था। सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी। जरूरतमंदों की सहायता के लिए वह हमेशा आगे रहती थीं, जिसके कारण समाज के हर वर्ग में उनकी अलग पहचान थी।उनके निधन की सूचना मिलते ही राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचने लगे। भाजपा कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और विभिन्न संगठनों ने उनके निधन को जनपद के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। डॉक्टर रजनी सरीन का जीवन सेवा, समर्पण और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा। उन्होंने अपने व्यवहार, कार्यशैली और मानवीय दृष्टिकोण से हजारों लोगों के दिलों में स्थान बनाया। उनके निधन से फर्रुखाबाद ने एक ऐसी शख्सियत को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।*
“कुछ लोग पद से नहीं, अपने व्यक्तित्व और सेवा से बड़े बनते हैं। डॉ. रजनी सरीन उन्हीं विरले व्यक्तित्वों में से एक थीं, जिन्हें फर्रुखाबाद हमेशा याद रखेगा।
वही दूसरी ओर जैसे ही यह जानकारी कालपी नगर वासियों को लगी नगर में शोक की लहर दौड़ गई। भाजपा के पूर्व विधायक डाक्टर अरूण मैहरोत्रा की बड़ी बहिन डाक्टर रजनी सरीन के निधन पर लोगों ने गहरा दुःख प्रकट किया।
आर. एन. शुक्ला पत्रकार













