कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जनपदभर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने, हेलमेट न पहनने तथा बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने वाले चालकों की जांच की गई। कार्रवाई करते हुए मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 221 वाहनों का चालान किया गया।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।












