अकबरपुर, कानपुर देहात। आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों (सीधी भर्ती-2025) की परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने शनिवार को अकबरपुर महाविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश द्वारों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल एवं कर्मचारियों की सतर्कता का जायजा लिया। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को परखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल अथवा संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही अभ्यर्थियों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।












