आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा की तैयारियों/रिहर्सल का जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण

कानपुर देहात आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय द्वारा जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित रिहर्सल एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, स्ट्रांग रूम, कंट्रोल रूम तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के दौरान शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, अभ्यर्थियों की सघन जांच, यातायात प्रबंधन एवं संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
निरीक्षण के दौरान संबंधित केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें