क्षेत्रीय नागरिकों को सुरक्षित, सुलभ एवं सुविधाजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूती मिलेगी: विधायक
बस सेवा तिस्ती, रसूलाबाद से कंहिजरी, रूरा होते हुए अकबरपुर-माती तक होगी संचालित।
कानपुर देहात मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवहन योजना-2026 के अंतर्गत विधायक रसूलाबाद पूनम शंखवार एवं जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर से बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह बस सेवा तिस्ती, रसूलाबाद से कंहिजरी, रूरा होते हुए अकबरपुर-माती तक संचालित होगी, जिससे क्षेत्रीय नागरिकों को सुरक्षित, सुलभ एवं सुविधाजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूती मिलेगी। इस बस सेवा के प्रारंभ होने से ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को जिला मुख्यालय एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों तक आवागमन में सुविधा प्राप्त होगी। इस अवसर पर विधायक रसूलाबाद पूनम शंखवार ने कहा कि इस बस सेवा के माध्यम से रसूलाबाद क्षेत्र, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिक अब अधिक आसानी से जिला मुख्यालय एवं अन्य आवश्यक स्थलों तक पहुंच सकेंगे। उन्होंने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कानपुर देहात के नागरिकों को यह महत्वपूर्ण परिवहन सुविधा प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न विकासपरक योजनाओं एवं कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन के जीवन को सुगम एवं सुविधाजनक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवहन योजना के अंतर्गत प्रारंभ की गई यह बस सेवा जनपदवासियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, एआरएम रोडवेज, एआरटीओ आदि उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल को ग्रामीण क्षेत्रों के विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।













