गंदे पानी से उबाल पर पेंशनर्स, जल संस्थान के महाप्रबंधक को हटाने की उठी मांग

 

कानपुर। शहर के दक्षिणी क्षेत्रों में गंदे और लो-प्रेशर पेयजल की सप्लाई को लेकर अब वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनर्स का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। गोविंद नगर समेत कई इलाकों में दूषित पानी की लगातार आपूर्ति से नाराज सेवा निवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन कानपुर नगर ने जल संस्थान के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए महाप्रबंधक को तत्काल हटाने की मांग की है। मंगलवार को के-ब्लॉक गोविंद नगर स्थित ताराचंद के आवास पर बी.एल. गुलाबिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पेंशनर्स ने जल संस्थान की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि विभागीय लापरवाही के चलते शहर के हजारों लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। बैठक को संबोधित करते हुए श्रम विभाग के सेवा निवृत्त श्रम निरीक्षक अशोक कुमार पाण्डेय ने कहा कि दक्षिण कानपुर के अधिकांश क्षेत्रों में लंबे समय से गंदे पानी और कम दबाव से जलापूर्ति की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, लेकिन जल संस्थान के अधिकारी समस्या समाधान को लेकर पूरी तरह संवेदनहीन बने हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग की निष्क्रियता का सबसे बड़ा खामियाजा वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनर्स को भुगतना पड़ रहा है। पेंशनर्स ने कहा कि नगर निगम में पार्षद दल के नेता नवीन पंडित लगातार जनता की समस्याएं उठा रहे हैं, इसके बावजूद जल संस्थान के अधिकारी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे। बैठक में विभागीय अधिकारियों पर मनमानी और निरंकुश रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया गया। बैठक के बाद एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से मांग की कि कानपुर में शुद्ध पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभाव से जल संस्थान के महाप्रबंधक को हटाया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही गंदे पानी की सप्लाई बंद कर पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं कराया गया, तो वरिष्ठ नागरिक और पेंशनर्स आगामी चुनाव में इसका लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगे। बैठक में बी.एल. गुलाबिया, राजेन्द्र प्रसाद श्रीवास्तव एडवोकेट, रविन्द्र कुमार मधुर, सरदार इन्द्रजीत सिंह गिल, अशोक कुमार पाण्डेय, रामरानी कटियार, शाहनांज गांव, जैनेन्द्र कुमार पाण्डेय, वी.एन. पाल, रमाकांत वर्मा, दुर्गा प्रसाद अनुरागी, राजेन्द्र प्रसाद द्विवेदी, मेवालाल कनौजिया, विजय बाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें