न्यायिक एवं अभियोजन कार्यों में बेहतर समन्वय, त्वरित सुनवाई एवं समय की होगी बचत
कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा अभियोजन कार्यों को और अधिक प्रभावी, सुदृढ़ एवं तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित “साक्षी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष” का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर अभियोजन एवं प्रशासनिक विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि “साक्षी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष” की स्थापना से न्यायिक एवं अभियोजन संबंधी कार्यों में आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा। इसके माध्यम से साक्षियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई संभव हो सकेगी, जिससे न्यायिक प्रक्रियाओं में तेजी आएगी तथा समय एवं संसाधनों की बचत होगी।
उन्होंने कहा कि यह सुविधा अभियोजन कार्यों को अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों से जुड़े मामलों में भी समन्वय बेहतर होगा तथा न्यायिक कार्यवाही को सुचारु रूप से संपादित करने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों द्वारा कक्ष की व्यवस्थाओं एवं तकनीकी सुविधाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिला अधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, संयुक्त निदेशक अभियोजन अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी अविनाश चंद्र चतुर्वेदी, अभियोजन विभाग के अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी, पुलिस विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारी सहित संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।












