कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक महोदया कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना एएचटी, श्रम विभाग एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार बाल श्रमिकों को रेस्क्यू किया।
संयुक्त टीम द्वारा थाना अकबरपुर क्षेत्र स्थित चिस्ती होटल तथा थाना रूरा क्षेत्र स्थित गुप्ताजी छोले भटूरे होटल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों होटलों में किशोर बच्चों से काम कराए जाने की पुष्टि हुई। चिस्ती होटल से दो तथा गुप्ताजी छोले भटूरे होटल से दो बाल श्रमिकों को सकुशल रेस्क्यू किया गया।
रेस्क्यू किए गए चारों बच्चों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। वहीं संबंधित होटल संचालकों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई भी की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।












