जिलाधिकारी ने वर्चुअल बैठक में प्रगणकों को दिए महत्वपूर्ण निर्देश
जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य की समीक्षा हेतु समस्त प्रगणकों के साथ वर्चुअल बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के निर्धारण एवं भविष्य की नीतियों का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए यह कार्य पूर्ण पारदर्शिता, सावधानी एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि 22 मई से 20 जून तक जनगणना कार्य संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रगणक घर-घर जाकर नागरिकों से आवश्यक जानकारियां एकत्र कर रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रगणक शालीन व्यवहार के साथ निर्धारित प्रारूप में सही एवं तथ्यात्मक जानकारी संकलित करें, जिससे जनगणना कार्य की गुणवत्ता बनी रहे। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा सही जानकारी उपलब्ध कराकर राष्ट्र निर्माण के इस महत्वपूर्ण अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही सटीक जनगणना संभव हो सकेगी, जो आने वाले वर्षों में जनपद एवं देश के विकास की मजबूत आधारशिला बनेगी।














