डेरापुर क्षेत्र के मुंगीसापुर में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक एचपी गैस टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। हादसा कानपुर-इटावा नेशनल हाईवे पर हुआ, जहां तेज रफ्तार टैंकर पहले सड़क किनारे लगी बैरिकेडिंग तोड़ता हुआ सीधे मकान में जा टकराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय इलाके में अफरा-तफरी मच गई। टैंकर दिल्ली से उन्नाव की ओर जा रहा था। हादसे में चालक और परिचालक को मामूली चोटें आईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और यातायात को सुचारु कराया। डेरापुर थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि टैंकर चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच की जा रही है तथा क्षतिग्रस्त मकान का भी आकलन कराया जा रहा है।










