कानपुर देहात। विकासखण्ड झींझक में शुक्रवार को बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत प्रथम त्रैमासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी खण्ड विकास अधिकारी ने की।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में आयोजित बैठक में बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और अधिकारों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने किशोर न्याय अधिनियम 2015, पॉक्सो अधिनियम 2012 तथा बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक किया।
बैठक में आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों को स्कूलों में बच्चों को ‘गुड टच-बैड टच’ के बारे में जानकारी देने के निर्देश दिए गए। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना जैसी सरकारी योजनाओं का गांव-गांव प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को कानूनी और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की। कार्यक्रम में 181, 1090, 112, 1098 और 1076 जैसे हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की शपथ दिलाई गई तथा पम्पलेट और स्टीकर वितरित किए गए। बैठक में बीडीओ, सीडीपीओ, सुपरवाइजर, एडीओ पंचायत, प्रभारी शिक्षा अधिकारी सहित कई अधिकारी और आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां मौजूद रहीं।










