जनगणना 2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” 20 जून तक

र-घर जाकर जुटाई जाएगी जानकारी, जनपदवासियों से सहयोग की अपील

कानपुर देहात – भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना-2027 के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात में प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” का कार्य दिनांक 22 मई 2026 से प्रारम्भ हो गया है, जो 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.)/जिला जनगणना अधिकारी दुष्यंत कुमार मौर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के अंतर्गत प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक भवन एवं मकान का चिन्हीकरण करेंगे तथा मकानों से संबंधित आवश्यक सूचनाएं निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करेंगे। “प्रथम दिवस पर प्रगणकों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर जानकारी संकलित कर पोर्टल पर अपलोड की गई। साथ ही विभिन्न अधिकारियों एवं माननीय जनप्रतिनिधियों के शासकीय/आवासीय परिसरों पर पहुंचकर भी मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य संपादित किया गया।
उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने हेतु जनपद में लगभग 3314 प्रगणक एवं 550 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। जनपद में कुल 3460 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) निर्धारित किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित तहसीलों के तहसीलदारों को चार्ज अधिकारी नामित किया गया है, जबकि नगरीय क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारियों को यह दायित्व सौंपा गया है। जनगणना कार्य के प्रभावी संचालन एवं निगरानी हेतु प्रशासन द्वारा विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा चुका है।
जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की सामाजिक, आर्थिक एवं आधारभूत संरचना से संबंधित नीतियों एवं योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, आवास, विद्युत, रोजगार सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता एवं सही जानकारी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य में लगे प्रगणक निर्धारित पहचान पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ घर-घर पहुंचेंगे। नागरिकों से अपेक्षा की गई है कि वे प्रगणकों को सही एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराएं तथा जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें। उपलब्ध कराई गई समस्त सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी तथा उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं शासकीय उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण का एक महत्वपूर्ण दायित्व है। सभी नागरिक जनगणना कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा प्रगणकों द्वारा पूछी गई जानकारी सही रूप में उपलब्ध कराएं, जिससे जनपद एवं देश के विकास हेतु सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त हो सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य पूर्ण पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ संपन्न कराया जाए

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें