पुखरायां। नगर पालिका परिषद पुखरायां द्वारा भीषण गर्मी एवं तेज धूप से नगरवासियों तथा राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से स्प्रिंकल वाटर मशीन क्रय कर नगर क्षेत्र में पानी के छिड़काव का कार्य प्रारम्भ किया गया है।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि नई स्प्रिंकल वाटर मशीन के माध्यम से नगर के प्रमुख मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फव्वारे के रूप में पानी का छिड़काव किया जाएगा, जिससे वातावरण में ठंडक बनी रहे तथा लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके।
नगर पालिका अध्यक्षपति करूणाशंकर दिवाकर ने पालिका परिसर से उक्त मशीन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान को देखते हुए नगर पालिका द्वारा जनहित में यह पहल की गई है। उन्होंने बताया कि मशीन के माध्यम से प्रतिदिन कम से कम तीन बार नगर क्षेत्र एवं मुख्य मार्गों पर पानी का छिड़काव कराया जाएगा, जिससे राहगीरों एवं आमजन को तपती धूप में कुछ हद तक राहत प्राप्त होगी।
नगरवासियों ने नगर पालिका परिषद की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए इसे गर्मी से राहत दिलाने वाला सराहनीय कदम बताया है।










