
कानपुर देहात- जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश के क्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में विकासखण्ड सरवनखेड़ा में बाल संरक्षण समिति एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की प्रथम त्रैमासिक बैठक प्रभारी खण्ड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आहूत की गयी। प्रभारी खण्ड विकास अधिकारी विमल सचान द्वारा बाल अधिकारों पर विस्तृत चर्चा की गई एवं विकासखण्ड के समस्त केन्द्रों से उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को लिंग आधारित भेदभाव और उन्मूलन को दूर करने, बालिकाओं की सुरक्षा और संरक्षण के लिए, बालिकाओं को शिक्षा प्रदान करने और उनकी भागीदारी को सक्षम बनाना है, साथ स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी हर्ष मोहन सचान द्वारा बालिकाओं के लिंग अनुपात में ध्यान केन्द्रित करने, और पी सी पी एंड डी टी एक्ट १९९४ के बारे में , कन्या भ्रूण जांच पर दंड प्रावधान पर चर्चा की गई, सहायक विकास अधिकारी पंचायत द्वारा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण अधिनियम) 2015 नियमावली 2016 के अन्तर्गत बाल कल्याण समिति व किशोर न्याय बोर्ड द्वारा देखरेख और संरक्षण की आवश्यकता वाले बालकों की देखरेख, संरक्षण, उपचार, विकास और पुनर्वास और उनकी मूलभूत आवश्यकताओं तथा संरक्षण के विषय में, एवं सामाजिक कार्यकर्ता दीपिका सिंह सेंगर द्वारा पाक्सो यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण करने संबंधी अधिनियम 2012, बाल विवाह से होने वाले नुकसान, थाने मे कार्यरत महिला हेल्पडेस्क आदि के बारे में जानकारी दी गई। जिला मिशन समन्वयक प्रतिमा श्रीवास्तव द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना पर चर्चा करते हुये वर्षों से गिरते लिंगानुपात के कारण महिलाओं/पुरूषों में बालिकाओं के प्रति भेदभाव, महिला की सुरक्षा और सशक्तीकरण तथा गुड टच-बैड टच के बारे में अवगत कराते हुये स्कूलों में प्रचार प्रसार कराये जाने हेतु आंगनवाड़ी कार्यकत्रि को कहा गया। जेण्डर स्पेशलिस्ट निधि यादव द्वारा महिला कल्याण विभाग से संचालित समस्त योजनाओं जैसे पति की मृत्यु उपरान्त निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, उ0प्र0 मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड), उ0प्र0 मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य), घरेलू हिंसा से पीडित महिलाओं को आर्थिक एवं कानूनी सहायता आदि के बारे मे बताया गया साथ ही आपातकालीन सेवायें जैसे 181,1090,112,1098,1076 आदि के बारे में जागरूक किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा ग्राम स्तर पर महिला कल्याण विभाग से संचालित समस्त योजनाओं का प्रचार-प्रसार एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के कार्यक्रम के आयोजन हेतु समस्त आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को निर्देशित करते हुये बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की शपथ दिलाते हुये पम्पलेट /स्टीकर वितरित किये गये। बैठक में प्रभारी खण्ड विकास अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी,सुपरवाईजर, सामाजिक कार्यकर्ता सरवनखेड़ा सहायक विकास अधिकारी पंचायत ,स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सरवन खेड़ा,जिला प्रोबेशन कार्यालय से जिला मिशन समन्वयक, जेण्डर स्पेशलिस्ट सामाजिक कार्यकर्ता तथा अंागनबाड़ी कार्यकत्री आदि उपस्थिति रहे।