निर्माण कार्य गुणवत्ता व समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश
फैमिली आईडी कार्य में लापरवाही पर होगी कार्रवाई: जिलाधिकारी
कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जनपद में संचालित फ्लैगशिप विकास कार्यक्रमों तथा विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभागीय योजनाओं एवं सी.एम.आई.एस. पोर्टल पर प्रदर्शित निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं में लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी तथा सभी विभाग आपसी समन्वय से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एवं सी.एम.आई.एस. पोर्टल पर योजनाओं एवं निर्माण कार्यों से संबंधित अद्यतन, सत्यापित एवं सटीक आंकड़े समय से अनिवार्य रूप से अपलोड किए जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि पोर्टल पर अपलोड किए गए आंकड़े शासन स्तर पर जनपद की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार होते हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो। निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों, गुणवत्ता एवं समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यों में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा निर्माण कार्यों का नियमित भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। मानकों के विपरीत कार्य पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी द्वारा गठित टास्क फोर्स के माध्यम से निर्माण कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण एवं गुणवत्ता परीक्षण कराने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लक्ष्य के अनुरूप फैमिली आईडी कार्ड बनाए जाएं। जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न विभागों को योजनाओं से अच्छादित लाभार्थियों का फैमिली आईडी बनाने के निर्देश शासन द्वारा प्राप्त हुए हैं, जिन्हें समयान्तर्गत पूर्ण किया जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने भीषण गर्मी के दृष्टिगत चिन्हित स्थानों पर प्याऊ, पेयजल एवं छाया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बस अड्डों पर यात्रियों के लिए पेयजल एवं छांव की व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, डीएफओ ए.के. पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, डीएसटीओ प्रतिभा सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







