शिवली पुलिस ने दो चोरी की घटनाओं का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

कानपुर देहात। अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना शिवली पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 15 हजार रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार फरवरी 2026 में उच्च प्राथमिक विद्यालय बलुवापुर में अज्ञात चोरों ने ऑफिस की खिड़की तोड़कर टैबलेट, गैस सिलेंडर, बर्तन और अन्य सामान चोरी कर लिया था। वहीं अप्रैल 2026 में कस्बा शिवली स्थित राधेमोहन मेडिकल स्टोर में छत के रास्ते घुसकर करीब 60 हजार रुपये नकद, कॉस्मेटिक का सामान और डीवीआर चोरी कर लिया गया था। साथ ही दुकान में लगे कैमरे, इन्वर्टर और वायरिंग को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया था।
दोनों मामलों में दर्ज मुकदमों की जांच के दौरान पुलिस ने शिवा पुत्र चन्द्रजीत सिंह और देवा पुत्र संतोष कुमार निवासी काशीराम निवादा थाना चौबेपुर कानपुर नगर को शिवली-चौबेपुर मार्ग से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटनाओं को स्वीकार कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि बेरोजगारी और गलत संगत के कारण वे चोरी करने लगे थे। स्कूल से चोरी किए गए सामान को राहगीरों को बेच दिया गया था, जबकि मेडिकल स्टोर से चोरी किए गए रुपये आपस में बांट लिए थे। पुलिस ने शिवा के कब्जे से 7700 रुपये और देवा के कब्जे से 7300 रुपये बरामद किए हैं।
थाना शिवली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित मुकदमों में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें