रसूलाबाद, कानपुर देहात में एक नवयुवक की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना रसूलाबाद थाना क्षेत्र की है, जहां कबीर नगर निवासी रियासत हुसैन उर्फ मुन्ना खान के 22 वर्षीय पुत्र अरशद का शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, अरशद 25 अप्रैल की शाम से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह बैरगरा रोड पर हड्डी मिल के पास एक सूखे पानी के हौज में बोरी में भरा हुआ शव मिलने से हड़कंप मच गया।
स्थानीय किसानों ने हौज के पास चप्पल पड़ी देखी और बदबू आने पर पास जाकर देखा तो बोरी में शव पड़ा मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। साथ ही, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। अरशद पांच भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी तीन बहनें हैं। मां हसीना बेगम का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में इस घटना के बाद भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।











