प्रभारी मंत्री संजय निषाद  ने विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा कर दिए निर्देश

जन शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए

नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश

कानपुर देहात – मंत्री, मत्स्य विभाग, उत्तर प्रदेश एवं जनपद प्रभारी मंत्री डा. संजय कुमार निषाद की अध्यक्षता में जनपद कानपुर देहात में कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई। बैठक में  मंत्री  प्रतिभा शुक्ला,  जिलाध्यक्ष भाजपा  रेणुका सचान, अन्य  जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में  प्रभारी मंत्री ने स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराने, जर्जर विद्युत पोल एवं तारों को बदलने तथा शासन की मंशानुरूप उपभोक्ता संतुष्टि परक कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं विद्युत समस्याओं का तय समय-सीमा में समाधान कराने पर बल दिया। मंत्री ने जनपद के पोखरों में पानी भराने, खराब नलों का रीबोर कराने तथा नहरों में पानी छोड़े जाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिला चिकित्सालय में सीएमएस का चार्ज शासन की गाइडलाइन के अनुसार शीघ्र हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। साथ ही संयुक्त टीम बनाकर जनपद के समस्त नर्सिंग होम्स का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएँ दुरुस्त कराने को कहा। स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए नगर निकायों को एंटी-लार्वा छिड़काव, फॉगिंग एवं विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने, सार्वजनिक शौचालयों व मलिन बस्तियों में नियमित स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जो सफाई नायक अपने दायित्वों का निर्वहन सही ढंग से नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज अधिकारी को सार्वजनिक भवनों, विद्यालयों आदि में रोस्टर के अनुसार नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को निजी विद्यालयों में फीस निर्धारण से संबंधित जनपद स्तरीय समिति की बैठक शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए। जल जीवन मिशन के अंतर्गत शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही विकास परियोजनाओं का उद्घाटन मा0 जनप्रतिनिधियों द्वारा कराए जाने पर बल दिया गया। रनिया क्षेत्र में क्रोमियम से प्रभावित इलाकों में जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित करने, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए गए। वन विभाग को लगाए गए वृक्षों के संरक्षण, अवैध कब्जों पर प्रभावी कार्यवाही तथा आगामी वृक्षारोपण हेतु तैयारी करने को कहा गया। पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत अधिकाधिक लाभार्थियों को जोड़ने के निर्देश भी दिए गए।
कृषि विभाग को किसानों के प्रशिक्षण, खाद-बीज की उपलब्धता तथा विभागीय योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को जिला चिकित्सालय में सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुदृढ़ रखने और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। मत्स्य विभाग को योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए।
जनप्रतिनिधियों द्वारा रसोई गैस की उपलब्धता, कालाबाजारी रोकने एवं जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। अवगत कराया गया कि जनपद में पेट्रोल, डीजल व घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित है। मा0 प्रभारी मंत्री ने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी की मंशानुरूप सुदृढ़ कानून व्यवस्था स्थापित की जाए, जनप्रतिनिधियों से समन्वय रखते हुए विकास कार्यों को गति दी जाए तथा पात्र व्यक्तियों को शासन की योजनाओं से जोड़कर योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुँचाया जाए। अंत में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने आश्वस्त किया कि प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए समस्त निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डीएफओ, जिला विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें