
कानपुर देहात में 25 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश होमगार्ड सीधी भर्ती-2025 परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में 23 अप्रैल 2026 को जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश द्वारों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल व कर्मचारियों की सतर्कता का बारीकी से जायजा लिया।
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद स्टाफ को निर्देश दिए कि वे पूरी सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल या संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही अभ्यर्थियों को निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार निगरानी रखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान पुलिस व प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।









