10 सदस्यीय तीर्थयात्री दल श्री सोमनाथ धाम यात्रा हेतु लखनऊ रवाना
स्थानीय शिवालयों में होंगे भव्य आयोजन
कानपुर देहात शासन के निर्देशों के क्रम में तथा जिलाधिकारी कपिल सिंह के मार्गदर्शन में जनपद कानपुर देहात में “श्री सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जनपद से चयनित 10 सदस्यीय तीर्थयात्रियों के दल को जिला पंचायतराज अधिकारी विकास पटेल द्वारा झंडी दिखाकर लखनऊ के लिए रवाना किया गया। यह तीर्थयात्री दल लखनऊ पहुंचने के उपरांत विशेष रेलगाड़ी के माध्यम से श्री सोमनाथ धाम, गुजरात के लिए प्रस्थान करेगा। यात्रा के सुचारु संचालन, श्रद्धालुओं के समुचित मार्गदर्शन तथा व्यवस्थाओं के समन्वय हेतु विवेक कुमार सैनी, जिला परियोजना अधिकारी, को जनपद स्तर से नोडल अधिकारी नामित किया गया है। नोडल अधिकारी यात्रा के दौरान समस्त श्रद्धालुओं के साथ रहकर उनकी सुविधाओं एवं आवश्यकताओं का ध्यान रखेंगे। उल्लेखनीय है कि “श्री सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” भारत की सांस्कृतिक चेतना, धार्मिक आस्था, अदम्य साहस और पुनरुत्थान की गौरवगाथा का प्रतीक है। श्री सोमनाथ मंदिर भारतीय इतिहास में स्वाभिमान, आस्था और राष्ट्र चेतना का प्रेरणास्रोत रहा है। शासन की मंशा है कि जनसामान्य, विशेषकर नई पीढ़ी को इस ऐतिहासिक धरोहर एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ा जाए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए गुजरात में आवास, भोजन, दर्शन एवं स्थानीय यातायात की समस्त व्यवस्थाएं गुजरात पर्यटन विभाग द्वारा सुनिश्चित की जाएंगी। जनपद से चयनित इस दल में विभिन्न सामाजिक वर्गों, समुदायों तथा श्रेणियों के प्रतिनिधियों को सम्मिलित किया गया है, जिससे समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। तीर्थयात्री श्री सोमनाथ धाम में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा आध्यात्मिक आयोजनों में सहभागिता करेंगे। जनपद स्तर पर भी “श्री सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” को उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने बताया कि जनपद के प्रमुख शिवालयों, जिनमें शिव मंदिर कुबेरस्थान, शिव मंदिर शिवसरैया, करहिया शिव मंदिर तथा शिव मंदिर बसडिला प्रमुख हैं, में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया है। इन मंदिरों में भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक, महाआरती, दीप प्रज्ज्वलन एवं प्रसाद वितरण जैसे विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त जनपद के अन्य शिवालयों एवं धार्मिक स्थलों पर भी स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी से भजन संध्या, दीपोत्सव, सामूहिक आरती तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आमजन में श्री सोमनाथ मंदिर की गौरवशाली परंपरा, इतिहास एवं राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। कानपुर देहात से यात्रा में सम्मिलित श्रद्धालुओं में अमरीश, धरेंद्र कुमार, अंकित चौहान, निर्मला देवी, बलराम पाल, मालती सचान, सिरेंद्र सचान, युवराज यादव, राखी कवकड़ तथा ललित सम्मिलित हैं। जनपद प्रशासन द्वारा इस आयोजन को सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे स्थानीय आयोजनों में सहभागिता कर इस सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पर्व को सफल बनाएं।












