उरई (जालौन) जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित शिक्षण एवं मार्गदर्शन केन्द्र, जिला सेवायोजन कार्यालय उरई (जालौन) में वर्ष 2026-27 के लिए एक वर्षीय कार्यालय प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
यह प्रशिक्षण अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 15 अप्रैल 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को रोजगारपरक बनाने के उद्देश्य से लेखाशास्त्र, सचिवालय पद्धति, सामान्य ज्ञान, सामान्य गणित, हिन्दी, अंग्रेजी, कम्प्यूटर ज्ञान, हिन्दी टंकण एवं आशुलिपि जैसे विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आवेदन के लिए अभ्यर्थी का जिला सेवायोजन कार्यालय में पंजीकृत होना आवश्यक है। साथ ही न्यूनतम योग्यता इंटरमीडिएट उत्तीर्ण तथा हाईस्कूल में अंग्रेजी विषय होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी की आयु 1 अप्रैल 2026 को 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा, जो 16 अप्रैल 2026 को प्रातः 11 बजे से कार्यालय परिसर में आयोजित होगा। टंकण, आशुलिपि एवं कम्प्यूटर का ज्ञान रखने वाले अभ्यर्थियों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी।
साक्षात्कार के समय सभी अभ्यर्थी अपने शैक्षिक एवं जाति प्रमाण पत्रों के मूल दस्तावेज एवं उनकी छायाप्रतियां साथ लाएं। साक्षात्कार की अलग से सूचना नहीं दी जाएगी तथा किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।












