समस्याओं पर प्रशासन का त्वरित प्रहार, संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनी जन-जन की फरियाद

 

69 शिकायतों में 17 का मौके पर निस्तारण, आयुष्मान कार्ड व दिव्यांग प्रमाण पत्र भी मौके पर उपलब्ध

जालौन तहसील कालपी के सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने दूर-दराज से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना और मौके पर ही कई मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराई। समाधान दिवस में कुल 69 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 17 शिकायतों का मौके पर ही प्रभावी निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, आपूर्ति, नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में किया जाए, किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संपूर्ण समाधान दिवस में प्रशासन की संवेदनशीलता का उदाहरण तब देखने को मिला, जब मौके पर ही दो लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड बनाकर उपलब्ध कराया गया तथा एक व्यक्ति का दिव्यांग प्रमाण पत्र तत्काल बनवाकर उसे सौंपा गया।जिलाधिकारी ने पेयजल व्यवस्था को लेकर गंभीर रुख अपनाते हुए कहा कि ग्रामीण हो या शहरी क्षेत्र, कहीं भी पानी की समस्या नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि दो दिनों के भीतर खराब पड़े हैंडपंपों को चिन्हित कर उनका रिबोर कराया जाए तथा पेयजल आपूर्ति हर हाल में सुचारु रखी जाए। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर वाटर कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि गर्मी के मौसम में आमजन को राहत मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस केवल औपचारिकता न बनकर आमजन की समस्याओं के वास्तविक समाधान का माध्यम बने। हर शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई हो और शिकायतकर्ता को संतुष्टि मिलना सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह, सीओ अवधेश सिंह, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, सीएमओ वीरेंद्र सिंह आदि सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें