पढ़ाई की गुणवत्ता पर जोर, पुस्तकों, मैदान समतलीकरण व सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सकारात्मक पहल
जालौन जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, रहन-सहन एवं विद्यालय की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से पहाड़े सुनकर उनकी शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया, जिस पर उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए नियमित अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी आवश्यकताएं रखते हुए शीघ्र पुस्तकें उपलब्ध कराने, अतिरिक्त नोटबुक्स दिलाने, विद्यालय के सामने मैदान का समतलीकरण कराने तथा मुख्य बाउंड्री वॉल को ऊंचा किए जाने का अनुरोध किया।जिलाधिकारी ने छात्राओं की सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि उनकी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुस्तकों एवं नोटबुक्स की उपलब्धता शीघ्र सुनिश्चित की जाए तथा मैदान समतलीकरण एवं सुरक्षा के दृष्टिगत बाउंड्री वॉल को सुदृढ़ करने की कार्यवाही जल्द पूर्ण कराई जाए। जिलाधिकारी ने छात्राओं से भोजन व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली और पूछा कि क्या निर्धारित मेन्यू के अनुसार समय पर भोजन मिल रहा है, जिस पर छात्राओं ने संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें समय से एवं मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।उन्होंने छात्राओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि यदि किसी भी प्रकार की समस्या हो तो तत्काल अपनी वार्डन को अवगत कराएं, ताकि उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने पाए और विद्यालय को एक आदर्श शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, वार्डन आदि मौजूद रहीं।













