निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर सख्त नजर, नोडल अधिकारी ने किया मिनी स्टेडियम का निरीक्षण

समयबद्ध और मानक अनुरूप कार्य पूर्ण कराने के निर्देश

जालौन – उत्तर प्रदेश शासन के सचिव कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग तथा जनपद के नोडल अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की मौजूदगी में राजकीय इंटर कॉलेज उरई, में निर्माणाधीन इंडोर मिनी स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और निर्धारित मानकों का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी को अवगत कराया गया कि लगभग 4.92 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रहे इस इंडोर मिनी स्टेडियम में सिविल कार्यों के साथ-साथ आंतरिक एवं बाह्य जलापूर्ति, सेनेटरी, सीवरेज, विद्युत व्यवस्था सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल, टेबल टेनिस हॉल, प्रशासनिक कक्ष, चेंजिंग रूम, टॉयलेट ब्लॉक एवं अन्य आवश्यक संरचनाएं प्रस्तावित हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को खेल सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सके। कार्यदायी संस्था द्वारा जानकारी दी गई कि परियोजना का कार्य 09 अक्टूबर 2025 से प्रारंभ हुआ है और वर्तमान में लगभग 42 प्रतिशत भौतिक प्रगति प्राप्त हो चुकी है। अब तक लगभग 1.80 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं। नोडल अधिकारी ने कार्य की गति को और तेज करते हुए इसे निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए, साथ ही यह भी कहा कि निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की खेल अवसंरचना युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, इसलिए निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने भी कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करते हुए कार्य को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए, ताकि जनपद के खिलाड़ियों को शीघ्र ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेडियम उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, आदि संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें