कानपुर देहात – जनपद कानपुर देहात के थाना रनियां क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता का एक उत्कृष्ट उदाहरण सामने आया है। दिनांक 28/29 अप्रैल 2026 की रात्रि गश्त के दौरान थाना रनियां पुलिस व मिशन शक्ति टीम को एक महिला लावारिस हालत में भटकती हुई मिली। पीआरवी 6940 द्वारा महिला को सुरक्षित थाना रनियां लाया गया।
थाने में महिला से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना नाम पूनम पुत्री अर्जुन सिंह निवासी इटैलिया बाजार, थाना जरिया, जनपद हमीरपुर बताया। महिला मानसिक रूप से कमजोर प्रतीत हो रही थी, जिसके चलते पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसके परिजनों से संपर्क स्थापित किया।
सूचना मिलते ही महिला के पिता अर्जुन सिंह पुत्र देवीदीन को थाना रनियां बुलाया गया। आवश्यक पुष्टि के बाद महिला को सकुशल उनके पिता के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि पूनम 12 अप्रैल 2026 से बिना बताए घर से चली गई थी, जिसके बाद से परिवार चिंतित था।
इस मानवीय कार्य के लिए थाना रनियां पुलिस और मिशन शक्ति टीम की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है। स्थानीय नागरिकों और परिजनों ने पुलिस के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।










