कानपुर – रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा और गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने एक सराहनीय कार्य करते हुए भटके हुए 9 वर्षीय बालक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों से मिला दिया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में जीआरपी टीम द्वारा रविवार को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सर्कुलेटिंग एरिया में एक बालक भूख-प्यास से व्याकुल रोता हुआ अकेले मिला। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे संरक्षण में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम अनुज (काल्पनिक) निवासी भदरस, घाटमपुर, कानपुर नगर बताया। बालक ने बताया कि वह पिता की डांट से नाराज होकर घर से स्टेशन आ गया था। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उपनिरीक्षक संदीप तिवारी और उपनिरीक्षक मोहित कुमार ने बालक को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उसे भोजन-पानी उपलब्ध कराया। इसके बाद उसे महिला हेल्प डेस्क पर बैठाया गया और उसके परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया।सूचना मिलने पर बालक के पिता राजीव कुमार थाना जीआरपी पहुंचे, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालक को उनके सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चे को सकुशल पाकर पिता ने राहत की सांस ली और जीआरपी टीम की तत्परता व मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव, संदीप तिवारी, मोहित कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ऑपरेशन मुस्कान के माध्यम से जीआरपी लगातार गुमशुदा बच्चों और महिलाओं को उनके परिजनों से मिलाने का कार्य कर रही है, जिससे रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था और भरोसा दोनों मजबूत हो रहे हैं।











