कानपुर देहात –
कानपुर देहात में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे “मिशन शक्ति 5.0” के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। दिनांक 25 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।
इस अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों और अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी) और 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) के बारे में भी जागरूक किया।
इसके साथ ही, UPCOP ऐप के जरिए पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ लेने और सोशल मीडिया पर बढ़ते साइबर अपराधों—जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी प्रोफाइल के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी—से बचाव के व्यावहारिक तरीके भी बताए गए।
अभियान में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण कानूनों के बारे में बताया गया।
उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर वातावरण प्रदान करना है। यह अभियान समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं और बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।











