उपभोक्ताओं को नियमानुसार समय से उपलब्ध कराया जाए घरेलू गैस
जनपद में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
कानपुर देहात | जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता व पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में जनपद में पेट्रोल/डीजल एवं घरेलू गैस की उपलब्धता एवं भण्डारण की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह सहित विभिन्न ऑयल कंपनियों के अधिकारी, पूर्ति विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, गैस एजेंसी संचालक एवं पेट्रोल पंप डीलर ऑनलाइन माध्यम (ज़ूम) से जुड़े।
बैठक में इंडियन ऑयल, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम, नायरा एनर्जी एवं अन्य कंपनियों के अधिकारियों ने अवगत कराया कि जनपद में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। कृषि कार्यों के कारण ईंधन की मांग में अस्थायी वृद्धि हुई है, किन्तु वर्तमान में स्थिति सामान्य है तथा किसी प्रकार की कमी नहीं है। घरेलू गैस आपूर्ति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की कटौती नहीं की गई है और उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जा रही है। हालांकि, कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति पर उच्च स्तर से कैपिंग लागू है। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक उपभोक्ता को बुकिंग के उपरांत समय से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए तथा निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली किसी भी स्थिति में न की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और उपभोक्ताओं के साथ शिष्ट एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। बैठक में यह भी बताया गया कि नगरीय क्षेत्रों में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सिलेंडर बुकिंग के लिए 45 दिन की समय सीमा निर्धारित है, जिसका पालन उपभोक्ताओं द्वारा किया जाना आवश्यक है। साथ ही प्रवासी मजदूरों, छात्रों एवं अन्य जरूरतमंदों को एफटीएल (5 किलोग्राम) गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है, जिसके लिए आधार कार्ड के माध्यम से गैस एजेंसियों से संपर्क किया जा सकता है। अंत में जिलाधिकारी द्वारा सभी अधिकारियों एवं प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक का समापन किया गया।











