सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 346 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनपद में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना रहा। इस अभियान में बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना, ट्रिपल राइडिंग करना, हेलमेट न पहनना और बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने जैसे नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 346 वाहनों का चालान किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्ती जारी रहेगी।
साथ ही, पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।











