अवैध स्कूलों पर प्रशासन का करारा प्रहार, 5 विद्यालय सीज—बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ का खुलासा

 

नोटिस के बाद भी नहीं रुके संचालक, महेबा-आटा में फर्जी स्कूलों पर चला प्रशासन का हंटर

कालपी (जालौन) मंगलवार को शिक्षा विभाग और प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर कड़ा शिकंजा कस दिया। इस दौरान महेबा ब्लॉक के 3 और आटा क्षेत्र के 2 विद्यालयों को सीज कर दिया गया। ये सभी विद्यालय लंबे समय से बिना मान्यता के संचालित हो रहे थे और नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित विद्यालयों को पहले ही नोटिस जारी कर संचालन बंद करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन संचालकों ने प्रशासनिक आदेशों को नजरअंदाज करते हुए स्कूलों का संचालन जारी रखा। हैरानी की बात यह है कि ये अवैध विद्यालय बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करते हुए अभिभावकों से मोटी फीस वसूल रहे थे, जबकि उनके पास न तो मान्यता थी और न ही निर्धारित शैक्षणिक मानक।
मंगलवार को प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए महेबा ब्लॉक के पीएस चंदेल विद्यालय महेवा, बीकेवी विद्यालय अभैदेपुर, उड़ान भारती स्कूल सिम्हारा चौराहा तथा आटा क्षेत्र के इंडियन पब्लिक स्कूल और विजडम एकेडमी को सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान स्कूलों में हड़कंप मच गया और संचालकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस अभियान में नायब तहसीलदार मुकेश कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी रंगनाथ चौधरी एवं पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि ऐसे अवैध विद्यालय न केवल शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर रहे हैं, बल्कि मासूम बच्चों के भविष्य के साथ सीधा धोखा कर रहे हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी अवैध स्कूल को बख्शा नहीं जाएगा।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें