उरई। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश लखनऊ की संशोधित अधिसूचना (दिनांक 17 अप्रैल 2026) के अनुसार जालौन की सभी ग्राम पंचायतों की निर्वाचन नामावलियों का वृहद पुनरीक्षण निर्धारित समय सारणी के अनुसार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मतदाताओं के डुप्लीकेशन (Deduplication) एवं कंप्यूटरीकरण की प्रक्रिया 21 अप्रैल 2026 से 28 मई 2026 तक चलेगी। इसके बाद 29 मई से 9 जून 2026 तक मतदान केंद्रों/स्थलों का क्रमांकन, वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रमांक एवं SVN आवंटन, मतदाता सूची की डाउनलोडिंग और फोटो प्रतियां तैयार कराने का कार्य किया जाएगा। वहीं, निर्वाचन नामावली का अंतिम प्रकाशन 10 जून 2026 तक किया जाएगा।
जिले के सभी विकास खंड—रामपुरा, कुठौंद, माधौगढ़, नदीगांव, जालौन, महेवा, कदौरा, डकोर और कोंच—में यह पुनरीक्षण कार्य आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में इस पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे। साथ ही, संबंधित कार्यालयों के सूचना पट्टों पर भी कार्यक्रम प्रदर्शित किया जाएगा ताकि आम जनता को जानकारी मिल सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण के दौरान पड़ने वाले सभी सार्वजनिक अवकाश के दिनों में संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराया जाएगा।










