रसूलाबाद कानपुर देहात। थाना क्षेत्र के गुंदैला गांव में बुधवार शाम एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के आंगन में लगे लोहे के जाल से रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की पहचान राधा देवी (32), पत्नी सुरेंद्र कश्यप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर के अन्य सदस्य बाहर थे। महिला ने बच्चों को बिस्किट लेने के लिए पैसे देकर बाहर भेज दिया था। जब बच्चे वापस लौटे तो उन्होंने मां को फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखकर बच्चे घबरा गए और रोते-बिलखते खेत में मौजूद अपने दादा को सूचना दी।
परिजन मौके पर पहुंचे तो महिला को मृत अवस्था में लटका देख उनके होश उड़ गए और घर में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे गांव में घटना की चर्चा फैल गई।
सूत्रों के अनुसार, दो दिन पूर्व घर में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके चलते मामले को संदिग्ध माना जा रहा है। सूचना मिलने पर रसूलाबाद थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
कोतवाल शिवनारायण सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











