कानपुर देहात के पुखरायां कस्बे से आज एक बेहद खूबसूरत और दिल को छू लेने वाली तस्वीर सामने आई, जहां रामनवमी के पावन अवसर पर निकाले गए जुलूस ने गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की।
हिंदू संगठनों द्वारा निकाला गया यह भव्य जुलूस कस्बे के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होता हुआ जब वार्ड नंबर 3 पहुंचा, तो वहां मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जुलूस का गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुस्लिम भाइयों ने जुलूस में शामिल लोगों पर फूलों की वर्षा की, उन्हें मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया, साथ ही कोल्ड ड्रिंक आदि पिलाकर स्वागत सत्कार किया।
इस दौरान पूरा माहौल भाईचारे, प्रेम और सौहार्द से सराबोर नजर आया। हर तरफ एक ही संदेश गूंजता रहा — “हिंदू-मुस्लिम एकता जिंदाबाद”।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के आयोजन समाज में आपसी प्रेम, एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को एक अच्छा संदेश देते हैं।
यह नजारा न सिर्फ पुखरायां बल्कि पूरे देश के लिए एक प्रेरणा है, जहां अलग-अलग धर्मों के लोग मिलकर त्योहारों को मनाते हैं और एकता की मिसाल पेश करते हैं।











