नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतुआ धर्म मेले के सभी श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं। यह पावन अवसर मतुआ संप्रदाय के महान संत एवं समाज सुधारक की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि वे पूर्ण ब्रह्म श्री श्री हरिचंद ठाकुर जी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि हरिचंद ठाकुर जी के विचार और शिक्षाएँ आज भी लाखों लोगों को शक्ति और आशा प्रदान कर रही हैं। उन्होंने समाज में गरिमा, समानता और भक्ति के मूल्यों को स्थापित करने के लिए एक सशक्त आंदोलन की शुरुआत की तथा समाज को सत्य, सद्भाव और सामूहिक उत्थान के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मतुआ संस्कृति की समृद्ध और जीवंत परंपराएँ गहरी आध्यात्मिक शक्ति तथा समानता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। यह परंपरा हमारे देश के सामाजिक ताने-बाने को और अधिक मजबूत बनाती है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक से केंद्र सरकार मतुआ समुदाय के कल्याण, सशक्तिकरण और सम्मान के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
प्रधानमंत्री ने अंत में मतुआ धर्म मेले के सभी श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।












