जिलाधिकारी ने की अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक, दिए आवश्यक निर्देश

 

 

कानपुर देहात | जनपद में अभियोजन कार्यों की प्रगति एवं लंबित प्रकरणों के प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में माँ मुक्तेश्वरी देवी कलेक्ट्रेट सभागार में अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की स्थिति, प्रभावी पैरवी, साक्ष्य प्रस्तुतिकरण तथा विभागीय समन्वय की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अभियोजन अधिकारियों एवं शासकीय अधिवक्ताओं को निर्देशित किया कि सभी वादों में गुणवत्तापूर्ण एवं तथ्यपरक पैरवी सुनिश्चित की जाए, जिससे गंभीर एवं महत्वपूर्ण मामलों में शीघ्र न्याय दिलाया जा सके।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियोजन कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक शिथिलता अथवा विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समयावधि में अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग एवं अभियोजन अधिकारियों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि साक्ष्य संकलन, केस डायरी की समय से उपलब्धता, गवाहों की उपस्थिति एवं अन्य न्यायिक औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए, जिससे अभियोजन कार्यों की गुणवत्ता में सुधार हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि लंबित मामलों की निरंतर समीक्षा की जाएगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय, उप जिलाधिकारी सुरभि शर्मा, संयुक्त निदेशक अभियोजन अजय श्रीवास्तव, एसपीओ अविनाश सिंह चतुर्वेदी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें