कानपुर देहात। माती स्थित ईको पार्क में बुधवार को केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “सेवा, सुशासन, संस्कार एवं सम्मान” विषयक विकसित भारत संकल्प सम्मेलन एवं विकास प्रदर्शनी कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत पाल, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, रसूलाबाद विधायक पूनम शंखवार, जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों और विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी आमजन को दी गई।
अतिथियों ने सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विकास कार्यों की प्रगति तथा विकसित भारत के निर्माण में जनसहभागिता के महत्व पर बल दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर विकास प्रदर्शनी और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।












