कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष, कलेक्ट्रेट में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं को शैक्षणिक टूर पर भेजे जाने तथा परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों हेतु निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों को विभिन्न विद्यालयों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाने के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं पूर्ण गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं के प्रस्तावित शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने पर बल दिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शैक्षणिक टूर पर जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन, भोजन, ठहराव, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं आवश्यक निगरानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान छात्राओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा उनके साथ महिला स्टाफ एवं जिम्मेदार अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों के वितरण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों तक पुस्तकों की उपलब्धता समय से सुनिश्चित की जाए, जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को वितरण प्रक्रिया की सतत मॉनिटरिंग करने एवं विद्यालयवार प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार शासन की प्राथमिकता है, अतः छात्र-छात्राओं को समय पर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराना एवं उन्हें शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्र, सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण एवं शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।











