जिलाधिकारी द्वारा शिकायतकर्ताओं को उपलब्ध कराई गई खतौनी
कानपुर देहात समस्त तहसीलों में तहसील दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निस्तारण हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की गई। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील मैथा में जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी द्वारा प्राप्त शिकायतों को एक-एक कर गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 75 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 02 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को निर्धारित समयावधि में निस्तारित किए जाने हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि राजस्व एवं भूमि विवाद से संबंधित प्रकरणों में प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम को तत्काल मौके पर भेजकर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक प्रकरण में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए आईजीआरएस, तहसील दिवस, माननीय जनप्रतिनिधियों के संदर्भ तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक प्रकरण में शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर उसकी संतुष्टि सुनिश्चित की जाए। इस दौरान जनसुनवाई में विभिन्न शिकायतकर्ताओं द्वारा खतौनी से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिन पर जिलाधिकारी द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्यवाही कराई गई तथा सही खतौनी शिकायतकर्ताओं को उपलब्ध कराई गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक कार्यदिवस प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक अनिवार्य रूप से जनसुनवाई करें, शिकायतकर्ताओं से मधुर व्यवहार रखें तथा उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करें। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर ए के सिंह, उप जिलाधिकारी मैथा राजकुमार पाण्डेय, तहसीलदार सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।











