कानपुर देहात उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट पदाधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में स्थित एक दर्जन विद्यालयों का दौरा किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने शिक्षकों से संवाद कर उनकी बुनियादी समस्याओं और विभागीय स्तर पर लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। शिक्षकों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि विगत वर्ष 2025 का कक्ष निरीक्षक पारिश्रमिक भुगतान अभी तक नहीं किया गया है, जिससे उनमें गहरा असंतोष है।
दौरे के दौरान शिक्षकों ने संघ के पदाधिकारियों को बताया कि प्रोन्नत वेतनमान के मामले पिछले एक वर्ष से लटके हुए हैं। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार के अवशेष भुगतान (एरियर) के प्रकरण भी कई वर्षों से लंबित पड़े हैं। सबसे गंभीर मुद्दा वर्ष 2006 से 2015 के बीच सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों का है, जिनकी नोशनल इंक्रीमेंट पत्रावलियां विभाग में धूल फांक रही हैं। शिक्षकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के कामकाज पर सवाल उठाते हुए वहां व्याप्त भ्रष्टाचार की भी शिकायत की।
शिक्षकों की समस्याओं को सुनने के बाद प्रदेशीय मंत्री बीके मिश्रा ने उन्हें आश्वस्त किया कि संगठन उनके हितों के लिए पूरी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र निस्तारण नहीं किया गया, तो संगठन उच्च अधिकारियों से इसकी लिखित शिकायत करेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षकों के सम्मान और सुरक्षा के लिए संगठन हमेशा संघर्षरत रहा है और भविष्य में भी रहेगा।
भ्रमण के दौरान पदाधिकारियों ने रामस्वरूप ग्राम उद्योग इंटर कॉलेज पुखरायां, अकबरपुर इंटर कॉलेज अकबरपुर, इण्टर कालेज भिखनापुर, आरपीएस इण्टर कालेज रुरा, सीडी रूरा चिलौली, देवी सहाय इण्टर कालेज डेरापुर, गलवापुर इंटर कॉलेज, मुंगीसापुर इंटर कॉलेज गौरियापुर और जनता इंटर कॉलेज बाढापुर का दौरा किया। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष पन्नालाल, जिला संरक्षक राज नारायण दीक्षित और जिला उपाध्यक्ष विपिन त्रिपाठी सहित कई प्रमुख शिक्षक नेता उपस्थित रहे।











