उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस जनपद कानपुर देहात में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उपस्थित जनसमूह द्वारा देखा एवं सुना गया।
कानपुर देहात 
में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस हर्षोल्लास, गरिमा एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम ईको पार्क स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मा० मंत्री/प्रभारी मंत्री, मत्स्य विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार डॉ० संजय कुमार निषाद जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में माननीय सांसद देवेंद्र सिंह भोले, जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी सहित अन्य माननीय जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र प्रेरणा स्थल, लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उपस्थित जनसमूह द्वारा देखा एवं सुना गया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनकी उपस्थित जनसमूह द्वारा सराहना की गई। अपने संबोधन में मा० प्रभारी मंत्री डॉ० संजय कुमार निषाद जी ने उत्तर प्रदेश के गठन एवं उसके ऐतिहासिक विकास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश मा० मुख्यमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सरकार की सकारात्मक सोच एवं जनकल्याणकारी नीतियों के परिणामस्वरूप किसान, श्रमिक, युवा, महिलाएं एवं समाज के अन्य वर्ग योजनाओं से लाभान्वित होकर अपने जीवन में सकारात्मक एवं गुणात्मक परिवर्तन अनुभव कर रहे हैं। उन्होंने जनपद में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं तथा शासन द्वारा की जा रही सतत निगरानी के माध्यम से विकास को मिली गति पर भी विस्तार से चर्चा की। तदोपरांत मा० मंत्री जी द्वारा युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल, कानपुर देहात के तत्वावधान में आयोजित जनपद स्तरीय वॉलीबाल एवं कबड्डी प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत विभिन्न बोर्डों की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की टॉपर बालिकाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मा० मंत्री जी द्वारा एनआरएलएम योजना अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को रिवॉल्विंग फण्ड एवं सामुदायिक निवेश निधि के चेक वितरित किए गए। साथ ही सीएम युवा अभियान एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना अंतर्गत विभिन्न पारंपरिक कार्यों से जुड़े लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र एवं टूलकिट प्रदान की गई। पीएम कुसुम योजना अंतर्गत चयनित कृषकों को सोलर पम्प वितरित किए गए। ईको पार्क परिसर में मा० प्रभारी मंत्री जी की गरिमामयी उपस्थिति में उद्योग विभाग द्वारा योजनांतर्गत लाभार्थियों को चेक वितरण, एनआरएलएम योजनांतर्गत स्वयं सहायता समूहों को चेक वितरण, जनपद के मेधावी बच्चों का सम्मान, स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रमों के विजेताओं का सम्मान किया गया। इसके अतिरिक्त गर्भवती महिलाओं का गोद भराई एवं शिशुओं का अन्नप्राशन कार्यक्रम भी संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के पूर्व मा० मंत्री जी द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया गया, जहाँ कृषि विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग, उद्यान विभाग, उद्योग विभाग, समाज कल्याण विभाग, जिला प्रोबेशन विभाग, सूचना विभाग, पुलिस विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं प्रदर्शनी प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह ने उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर प्रदेश के निर्माण एवं विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन से अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 एके सिंह, डीसी एनआरएलएम गंगा राम वर्मा, उप कृषि निदेशक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, खादी ग्रामोद्योग अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।











