कानपुर देहात 
जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के संयुक्त प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर को शून्य करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे Zero Fatality District (ZFD) कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने हेतु आज उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जिला अधिकारी महोदय श्री कपिल सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया गया। यह रैली कलेक्ट्रेट मुख्यालय से प्रारंभ होकर अकबरपुर चौराहा होते हुए बस स्टैंड अकबरपुर तक निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, स्कूली विद्यार्थियों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान यातायात प्रभारी, पुलिस टीम के अन्य सदस्यों तथा परिवहन विभाग के सहायक संभागीय अधिकारी द्वारा सक्रिय रूप से भागीदारी की गई।
प्रतिभागियों ने हाथों में प्लेकार्ड, बैनर एवं नारे लगाकर सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण संदेशों को जनता तक पहुंचाया। मुख्य संदेशों में हेलमेट का अनिवार्य प्रयोग, सीट बेल्ट/सेफ्टी बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे में वाहन न चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करना एवं ट्रैफिक नियमों का पूर्ण अनुपालन जैसे विषय प्रमुख रहे। यह आयोजन ZFD कार्यक्रम के तहत जिले में सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम करने तथा सुरक्षित सड़क यातायात संस्कृति विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ है। जिला पुलिस एवं प्रशासन द्वारा ऐसे अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया है ।
कानपुर देहात पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा “Zero Fatality” के लक्ष्य को साकार करने में अपना सक्रिय योगदान दें











