कलश यात्रा और “नैनन में श्याम समाय गौ” भजन पर झूम उठा पी रोड, पवन तनय धाम में भागवत कथा का भक्तिमय शुभारंभ

कानपुर।पी रोड स्थित श्री पवन तनय धाम मंदिर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा, जब सर्व कल्याण की मंगल कामना के साथ सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। इस पावन अवसर पर पूज्य श्री रुद्रा कृष्णा महाराज की मधुर वाणी से कथा श्रवण कर भक्तगण भाव-विभोर हो गए।
कथा के प्रथम दिन प्रातःकाल मंदिर परिसर से भव्य और भक्तिमय कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा पवन तनय धाम मंदिर, गांधीनगर से प्रारंभ होकर पी रोड तक पहुँची। सिर पर कलश धारण किए सैकड़ों महिलाएं जब “नैनन में श्याम समाय गौ” भजन पर भाव-विभोर होकर नृत्य करने लगीं, तो पूरा क्षेत्र मानो कृष्ण भक्ति में डूब गया। महिलाओं की आंखों में श्रद्धा, चेहरे पर आनंद और कदमों में भक्ति की लय स्पष्ट झलक रही थी। हर ओर श्रीकृष्ण नाम का संकीर्तन, तालियों की गूंज और जयघोष से वातावरण अलौकिक हो उठा।
इस सात दिवसीय भागवत कथा का संचालन पार्षद गांधीनगर श्री विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित न रहकर, भक्तों को सकारात्मक जीवन मूल्यों, सेवा भावना और सामाजिक जागरूकता से जोड़ना है।
कार्यक्रम में पं० गौरव शास्त्री, पं० सुशील कुमार मिश्र, महेश मिश्रा, श्याम नारायण दीक्षित, अभिषेक द्विवेदी, सुरेन्द्र तिवारी, अखिलेश तिवारी, अवनीश तिवारी, अनुराग तिवारी, भूपेन्द्र सहाय, अमित शुक्ला, अजय तिवारी, सुजीत अरविंद, कृष्णा सहित धर्म प्रसार जन कल्याण समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य श्रद्धा भाव से उपस्थित रहे।
यह आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, आपसी सद्भाव, प्रेम और सर्व कल्याण की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दे रहा है। श्रद्धालुओं का मानना है कि ऐसी भागवत कथाएं न केवल आत्मा को शांति प्रदान करती हैं, बल्कि समाज को भी धर्म और मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें