महिला को नशीला पदार्थ सुंघा लाखों रुपए की नगदी व जेवरात पार,पुलिस जांच में जुटी

राजपुर कानपुर देहात – राजपुर थाना क्षेत्र के अनवां गांव में बीती शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने एक महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर लाखों रुपए की नगदी और जेवरात पार कर दिए।चोर तिजोरी का ताला तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपए की नगदी और जेवरात पार कर ले गए।जिसके बाद गृहस्वामी के बेटे ने घटना की सूचना पुलिस को दी।।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की।छानबीन के दौरान पुलिस को घर के पीछे एक टूटे पड़े मकान में चोरी किया गया बक्सा और एक फावड़ा मिला।पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल पर गहन जांच पड़ताल की।अनवा गांव निवासी विपिन ने पुलिस को बताया कि उनके पिता महेश पाठक अपनी छोटी बहू पूनम के साथ कानपुर से बांदा एक कार्यक्रम में गए हुए थे।घर पर विपिन और उनकी मां बिमला देवी मौजूद थीं।देर रात चोर घर के पीछे के रास्ते से छत पर चढ़े, सीढ़ी के सहारे आंगन में उतरे और फिर कमरे में अकेली सो रही बिमला देवी को नशीला पदार्थ सुंघा दिया।
चोरों ने कमरे में रखी तिजोरी का ताला तोड़ा और उसमें से डेढ़ लाख रुपए नगद चुरा लिए।इसके बाद तिजोरी के पास रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती गहने पार कर दिए।चोरी के बाद खाली बक्सा और एक फावड़ा घर के पीछे टूटे मकान में पड़ा मिला।इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि फावड़े का इस्तेमाल बक्सा तोड़ने में किया गया है।सुबह जब विपिन की मां सोकर नहीं उठीं तो वह उनके कमरे में गए।उन्होंने देखा कि मां बेहोश पड़ीं थीं और तिजोरी से नगदी गायब थी।
इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी।थाना प्रभारी सनत कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर उन्होंने डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर जांच की है।प्राथमिक छानबीन में मामला संदिग्ध प्रतीत होता है।मामले की जांच की जा रही है।तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें