आमने-सामने दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत, दो मासूम बच्चियां गंभीर रूप से घायल

 

शिवली, कानपुर देहात। शनिवार को गहरा-शिवराजपुर मार्ग पर भोला निवादा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो मासूम बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवली पहुंचाया, जहां एक बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, थाना पुखरायां क्षेत्र के कैलई देवीपुरवा गांव निवासी महेश कश्यप अपनी पत्नी सरोज और नौ वर्षीय बेटी संतोषी व 11 वर्षीय बेटी शोभा के साथ रसूलाबाद थाना क्षेत्र के कुर्सी खेड़ा गांव में अपने साले के बेटे के जन्मदिन समारोह में शामिल होने गए थे। शनिवार को परिवार बाइक से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान भोला निवादा गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

बताया गया कि दूसरी बाइक पर शिवराजपुर थाना क्षेत्र के बीरामऊ गांव निवासी आशू कश्यप अपने बहनोई गोविंद के साथ सवार था। हादसे में महेश की दोनों बेटियां संतोषी और शोभा गंभीर रूप से घायल हो गईं।

सीएचसी शिवली में चिकित्सक डॉ. श्याम कृष्ण ने संतोषी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे कानपुर हैलट रेफर कर दिया। चौकी प्रभारी अमित पोरवाल ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो बच्चियां घायल हुई हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें